शुभेंदु ने कोलकाता में स्कूल मध्याह्न भोजन कार्यक्रम के लिए इस्कॉन की विशाल रसोई का उद्घाटन किया
शुभेंदु ने कोलकाता में स्कूल मध्याह्न भोजन कार्यक्रम के लिए इस्कॉन की विशाल रसोई का उद्घाटन किया
कोलकाता, एक अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता में इस्कॉन की एक विशाल रसोई का उद्घाटन किया, जहां शहर के 500 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के 44,000 छात्रों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जाएगा।
शहर के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित तरताला में इस रसोई का औपचारिक उद्घाटन करने से पहले अधिकारी ने एक ‘यज्ञ’ में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में इस्कॉन कोलकाता के 500 स्कूलों के 44,000 छात्रों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराएगा। अगले तीन महीनों के भीतर यह सुविधा ढाई लाख छात्रों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रति छात्र भोजन की आवंटित राशि बढ़ाकर 10 रुपये कर दी गई है।’
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस्कॉन द्वारा तैयार किए जाने वाले भोजन के अलावा, राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से छात्रों को सप्ताह में दो बार उबले अंडे अलग से उपलब्ध कराएगी।
मध्याह्न भोजन पहल के लिए इस्कॉन का धन्यवाद करते हुए अधिकारी ने कहा कि संतुलित पोषण छात्रों के समग्र विकास में मदद करेगा।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब तक खाना बनाने वाले किसी भी रसोइया को काम से नहीं निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार पहले ही रसोइयों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर चुकी है।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने रसोई का निरीक्षण किया और खुद भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में भाग लिया।
उन्होंने बिजली से चलने वाले उन वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनके जरिए स्कूलों तक भोजन पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन भी मौजूद थे। इसके अलावा पांच स्कूलों के लगभग 40 छात्रों ने भी उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत की।
अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य इस्कॉन के सहयोग से राज्य की मध्याह्न भोजन योजना के तहत खाना पकाने और उसके वितरण की व्यवस्था को अधिक सुगम एवं बेहतर बनाना है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


