पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का भरोसा : स्वाति मालीवाल
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का भरोसा : स्वाति मालीवाल
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्वाति मालीवाल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का विश्वास जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के दौरान ‘‘भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति’’ के कारण लोग भाजपा की ओर आकर्षित हुए हैं।
हाल में भाजपा में शामिल हुईं मालीवाल ने कहा, ‘‘मैंने पत्रकारों और जमीनी स्तर पर काम कर रहे लोगों समेत कई लोगों से बात की, और सभी का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा जीत रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा इसलिए जीत रही है क्योंकि टीएमसी ने राज्य में बड़े पैमाने पर अराजकता और भ्रष्टाचार फैलाया है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए अच्छे काम भी भाजपा की जीत का एक और कारण हैं। ’’
भाजपा में शामिल होने के अपने फैसले पर हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए मालीवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यों से प्रेरित थीं।
राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘ मैंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय केवल प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के काम से प्रेरित होकर लिया है। पहलगाम में आतंकी हमला होने के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हमारी सेनाओं ने दुश्मन के इलाके में घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और आतंकवादियों को मार गिराया।’’
मालीवाल ने दावा किया कि देश में नक्सलवाद का जड़ से खात्मा हो चुका है और इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार के नेतृत्व को श्रेय दिया। उन्होंने तीन तलाक पर प्रतिबंध और महिला आरक्षण विधेयक को भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
मालीवाल ने कहा, ‘‘देश में नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो गया है, यह भी मोदी और शाह की वजह से हुआ है। तीन तलाक जैसी प्रथा पर रोक लगाने के लिए कानून लाया गया। इसी तरह महिला आरक्षण विधेयक भी बड़े प्रयासों से लाया गया। देश में कई ऐसे काम हुए हैं, जिन्होंने मुझे भाजपा में आने के लिए प्रेरित किया।’’
‘विश्वासघात’ के आरोपों को खारिज करते हुए मालीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर अपने मूल सिद्धांतों से समझौता करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “कुछ लोग कह रहे हैं कि मैंने विश्वासघात किया है, लेकिन असल में विश्वासघात वह करता है जो अपने सिद्धांतों से भटक जाता है। केजरीवाल ने पूरे देश और अन्ना आंदोलन के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं को भ्रष्ट कहा, लेकिन बाद में उन्हीं के साथ गठबंधन कर लिया।”
भाषा रवि कांत रवि कांत शफीक
शफीक

Facebook


