भाजपा से पैसे लें, तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करें : अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से कहा

Ads

भाजपा से पैसे लें, तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करें : अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से कहा

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 06:44 PM IST

कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा क्षेत्रों में समर्थन जुटाने के लिए पैसे बांट रही है। उन्होंने तृणमूल कार्यकर्ताओं से भाजपा नेताओं से पैसे स्वीकार करने, लेकिन चुनाव में अपनी ही पार्टी का समर्थन करने की अपील की।

अभिषेक ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के धानीखाली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर भाजपा नेता पैसे बांटते हुए नजर आते हैं, तो लोगों को इसे स्वीकार कर लेना चाहिए, क्योंकि यह उन्हीं का पैसा है।

उन्होंने कहा, “यह हमारे हक की राशि है, जिसे उन्होंने (केंद्र सरकार) रोक दिया है। उन्होंने हमें एक लाख करोड़ रुपये के केंद्रीय बकाया से वंचित कर दिया है। उनसे पैसा लें और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों को वोट दें।”

अभिषेक ने आरोप लगाया कि राज्य में भारी मात्रा में धन की आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने कहा, “दो दिन पहले छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति के जूते में छिपाकर रखी गई राशि बरामद हुई थी। असम भाजपा का एक नेता नोटों की गड्डियों की आपूर्ति में शामिल है। भाजपा ने सारी हदें पार कर दी हैं।”

अभिषेक ने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “चार मई को हमारी सरकार बनने के बाद 31 मई तक आपके नाम मतदाता सूची में दर्ज कर लिए जाएंगे।”

तृणमूल नेता ने दावा किया कि आज अगर सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसी महान हस्तियां जीवित होतीं, तो उन्हें भी मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए जाते।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मन में “बंगालियों के लिए कोई सम्मान नहीं है।”

अभिषेक ने कहा, “यह मेरी जिम्मेदारी है। यह जमीन समान रूप से हम सबकी है। आजादी के 79 साल बाद अब दिल्ली और गुजरात के नेता हमसे हमारी नागरिकता का सबूत मांग रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “जो लोग 2014 से ‘जय श्री राम’ का नारा लगा रहे हैं और हमारी खान-पान की आदतों का मजाक उड़ा रहे हैं, वे अब मछली के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं।”

हरिंगहाटा में एक अन्य रैली में अभिषेक ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने 23 अप्रैल को पहले चरण के चुनाव में ही शतक का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने कहा, “अगर वहां मौजूद सभी लोग हमें वोट देते हैं, तो हर जगह भाजपा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी।”

अभिषेक ने भाजपा नेताओं पर उत्तर 24 परगना और नादिया जैसे जिलों में मतुआ समुदाय के सदस्यों के लिए “मगरमच्छ के आंसू” बहाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “भाजपा विधायक असीम सरकार ने कहा था कि अगर मतुआ समुदाय के लोगों के नाम हटा दिए जाते हैं, तो यह मेरी समस्या नहीं होगी।”

भाषा पारुल माधव

माधव