दिल्ली इमारत हादसा: भवन मालिक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

Ads

दिल्ली इमारत हादसा: भवन मालिक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 12:03 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 12:03 PM IST

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत के ढहने के कारण छह लोगों की मौत की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने भवन मालिक हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्र ने बताया कि घटना के लिए कथित रूप से जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के प्रयासों के बीच हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

इससे पहले पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में हरि राम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

पुलिस ने बताया कि अब तक 11 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है। वहीं, खोज एवं बचाव अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

दक्षिणी दिल्ली स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय के परिसर के पास स्थित यह इमारत रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई थी। इमारत में लड़कों का पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास था।

भाषा नोमान खारी

खारी