अभिनेता अजित कुमार की मां के निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने शोक जताया

अभिनेता अजित कुमार की मां के निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने शोक जताया

अभिनेता अजित कुमार की मां के निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने शोक जताया
Modified Date: May 30, 2026 / 01:58 pm IST
Published Date: May 30, 2026 1:58 pm IST

चेन्नई, 30 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन और कई अन्य नेताओं ने अभिनेता अजित कुमार की मां के निधन पर शनिवार को शोक जताया।

विजय ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र अजित कुमार की मां मोहिनी के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। अपनी स्नेहमयी मां को खोने वाले अजित कुमार और उनके परिवार के प्रति मैं हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति और सांत्वना दें।’’

स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘मेरे प्रिय भाई अजित कुमार की मां मोहिनी मणि के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। मेरे पास अजित कुमार को सांत्वना देने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने उस मां को खो दिया है, जिसने उन्हें जन्म दिया और उन्हें जीवन में ऊंचाइयों पर पहुंचते देखकर गर्व और खुशी महसूस की। अजित कुमार और उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना एवं सहानुभूति व्यक्त करता हूं।’’

पलानीस्वामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि अजित कुमार की मां के निधन की खबर सुनकर उन्हें ‘‘गहरा दुख’’ हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘मां को खोना किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी क्षति होती है। अपनी स्नेहमयी मां को खोने का गहरा दुख झेल रहे मेरे प्रिय भाई अजित कुमार के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के नेता अंबुमणि रामदास ने कहा, ‘‘तमिल फिल्म अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी मणि के निधन की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूं। इस दुनिया में मां को खोने से बड़ा कोई दुख नहीं। अभिनेता अजित कुमार, उनके परिवार, मित्रों और इस गहरे दुख में शामिल सभी लोगों के प्रति मैं हार्दिक संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं।’’

भाषा

सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में