तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने तिरुचिरापल्ली में रोड शो किया
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने तिरुचिरापल्ली में रोड शो किया
तिरुचिरापल्ली, एक जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को यहां एक रोड शो किया। विजय के आगमन पर लोगों और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही उन्हें औपचारिक पुलिस सलामी दी गई और मंत्रियों आधव अर्जुन और एस रमेश, वरिष्ठ अधिकारियों और लोकसभा सदस्य दुरई वाइको ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने हवाई अड्डे से जनसभा स्थल सेंट जोसेफ कॉलेज तक 10 किलोमीटर की दूरी वैन से तय की। आगे की सीट पर बैठे हुए विजय ने सड़क के दोनों ओर इंतजार कर रहे लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कई जगहों पर उनकी गाड़ी पर फूल बरसाए और उत्साहपूर्वक ‘विजय’ के नारे लगाए।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।
विजय सेंट जोसेफ कॉलेज परिसर में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। वह तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त करेंगे, जहां से उन्होंने जीत हासिल की थी। विजय ने चेन्नई की पेरंबूर विधानसभा सीट बरकरार रखने के लिए तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे दिया था।
विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 13 सितंबर 2025 को तिरुचिरापल्ली से अपने राज्यव्यापी ‘आई एम कमिंग’ प्रचार अभियान की शुरुआत की थी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


