तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई
चेन्नई, 19 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने 72 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 10 सम्मान हासिल करने के लिए राज्य के फिल्म उद्योग के कलाकारों को रविवार को बधाई दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि तमिल फिल्म जगत ने 2024 में रिलीज हुई फिल्मों के लिए विभिन्न श्रेणियों में बड़ी जीत हासिल की है।
इन पुरस्कारों की घोषणा शनिवार रात नयी दिल्ली में की गई थी।
विजय ने अभिनेता-निर्देशक धनुष की सराहना की, जिनकी निर्देशित फिल्म ‘रायन’ ने सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म का पुरस्कार जीता। धनुष को फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में विशेष उल्लेख भी मिला।
मुख्यमंत्री ने ‘अमरन’ की टीम को बधाई दी, जिसने तीन प्रमुख श्रेणियों में जीत हासिल की। राजकुमार पेरियासामी ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता, आर. कलाईवन्नन ने सर्वश्रेष्ठ संपादन पुरस्कार हासिल किया और जी. वी. प्रकाश कुमार ने सर्वश्रेष्ठ पृष्ठभूमि संगीत का पुरस्कार अपने नाम किया।
आधिकारिक विज्ञप्ति में ‘महाराजा’ फिल्म की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें अनल अरासु ने सर्वश्रेष्ठ स्टंट कोरियोग्राफी का पुरस्कार जीता और सचना नामिदास ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का सम्मान हासिल किया।
राज्य के अन्य प्रमुख विजेताओं में सुरेन जी. शामिल थे, जिन्हें ‘मेयाझगन’ फिल्म के लिए ऑडियोग्राफी में विशेष उल्लेख मिला, और टी एस हरिहरसुधन शामिल थे, जिन्होंने लघु फिल्म ‘ब्लू’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘साउंड डिजाइन’ का पुरस्कार जीता।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


