तमिलनाडु: उडुमलैपेट्टई-पोल्लाची राजमार्ग पर खड़े पानी के टैंकर से टकराई कार, पांच लोगों की मौत

तमिलनाडु: उडुमलैपेट्टई-पोल्लाची राजमार्ग पर खड़े पानी के टैंकर से टकराई कार, पांच लोगों की मौत

तमिलनाडु: उडुमलैपेट्टई-पोल्लाची राजमार्ग पर खड़े पानी के टैंकर से टकराई कार, पांच लोगों की मौत
Modified Date: August 2, 2026 / 09:02 pm IST
Published Date: August 2, 2026 9:02 pm IST

कोयंबटूर, दो अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के उडुमलैपेट्टई-पोल्लाची राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार एक कार सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से टकरा गई, जिससे कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा नल्लमपल्ली जंक्शन के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, उडुमलाई से पोल्लाची की ओर जा रही कार सड़क किनारे खड़े टैंकर के पिछले हिस्से से जा टकराई।

पुलिस ने बताया कि टैंकर सड़क के बीच बने डिवाइडर के पास खड़ा था और उससे सड़क किनारे लगे पौधों को पानी दिया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, इस दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कनगराज, उनकी पत्नी नर्मदा व उनकी दो बेटियों आरती और पूरानी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि यह चारों कोयंबटूर जिले के मदुक्करई के पास गुरुबमपालयम के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे।

पुलिस के मुताबिक, पांचवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हालांकि, जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि मृत व्यक्ति वाहन का चालक था या उसमें सवार कोई अन्य व्यक्ति।

पुलिस ने बताया कि गोमंगलम थाने के कर्मी और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के मलबे से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए पोल्लाची सरकारी अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के पूरे घटनाक्रम को जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।

क्षतिग्रस्त वाहन को हटाए जाने तक राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में