तमिलनाडु सरकार कर्नाटक से कावेरी का पानी सुनिश्चित करें और राजनीतिक चेतावनी जारी करें: पलानीस्वामी

तमिलनाडु सरकार कर्नाटक से कावेरी का पानी सुनिश्चित करें और राजनीतिक चेतावनी जारी करें: पलानीस्वामी

तमिलनाडु सरकार कर्नाटक से कावेरी का पानी सुनिश्चित करें और राजनीतिक चेतावनी जारी करें: पलानीस्वामी
Modified Date: July 9, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: July 9, 2026 8:29 pm IST

चेन्नई, नौ जुलाई (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ तमिलगमा वेत्री कषगम (टीवीके) से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार जून और जुलाई के लिए कावेरी नदी से तमिलनाडु के हिस्से के पानी को तुरंत सुनिश्चित करे।

उन्होंने मामले में राज्य सरकार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया और कहा कि कर्नाटक ‘तमिलनाडु के लोगों की जिंदगी से खेल रहा है’।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कावेरी जल मुद्दे को लेकर पड़ोसी राज्य कर्नाटक पर निशाना साधते हुए कड़े शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को कांग्रेस सरकार के खिलाफ कड़ी राजनीतिक चेतावनी देनी चाहिए।

अन्नाद्रमुक प्रमुख ने पूछा, “क्या मुख्यमंत्री विजय कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को यह चेतावनी देने के लिए तैयार हैं कि अगर कर्नाटक तुरंत कावेरी का पानी जारी नहीं करता है, तो कांग्रेस के मंत्री को तमिलनाडु कैबिनेट से हटा दिया जाएगा?”

उन्होंने कर्नाटक सरकार की निंदा करते हुए कांग्रेस पर ‘अहंकारी, सत्ता की भूखी, तानाशाही रवैया रखने वाली और भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली’ पार्टी होने का आरोप लगाया।

पलानीस्वामी ने कहा कि कर्नाटक ने लगातार कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण और उच्चतम न्यायालय के कई फैसलों की अनदेखी की।

न्यायालय ने कावेरी के पानी पर तमिलनाडु के अधिकार को बरकरार रखा था। अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि कावेरी डेल्टा जिलों के किसान अपनी कृषि गतिविधियों के लिए कावेरी के पानी पर निर्भर हैं, जबकि 20 से अधिक जिलों के लोग पीने के पानी के लिए कावेरी जल का उपयोग करते हैं।

पलानीस्वामी ने बयान में कहा, “कर्नाटक का नेतृत्व कावेरी जल पर हमारे मूल अधिकारों को मानने से लगातार इनकार कर रहा है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार को यह नहीं भूलना चाहिए कि वहां रहने वाले तमिलों की कड़ी मेहनत के कारण ही कर्नाटक का इतना बड़ा विकास हुआ है।”

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में