तमिलनाडु: पूछताछ के लिए हिरासत में लिये गए युवक की मौत, परिजनों ने यातना का आरोप लगाया
तमिलनाडु: पूछताछ के लिए हिरासत में लिये गए युवक की मौत, परिजनों ने यातना का आरोप लगाया
तूतीकोरिन, 23 जुलाई (भाषा) पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिये गए तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टास्मैक) के एक बिक्री केंद्र में कार्यरत 26-वर्षीय सेल्समैन की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हिरासत में यातना दिए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अमुथा नगर निवासी एन. अरुणाचलम को शराब की कथित अवैध बिक्री के मामले में पूछताछ के लिए तूतीकोरिन दक्षिण पुलिस ने 17 जुलाई को हिरासत में लिया था।
अधिकारी ने बताया कि अरुणाचलम को 18 जुलाई को तूतीकोरिन सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के पांच दिन बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि उसके कब्जे से शराब की 120 बोतलें बरामद कर जब्त की गईं।
अरुणाचलम के परिजनों का दावा है कि हिरासत के दौरान थाने में पुलिस ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने दावा किया कि अस्पताल में मौत से पहले अरुणाचलम ने कहा था कि तीन-चार पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। इसके बाद परिजनों ने उसका शव लेने से इनकार करते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।
उन्होंने अरुणाचलम की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अरुणाचलम की मां परमेश्वरी ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस की पिटाई के कारण उनके बेटे के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं।
उन्होंने कहा, “मेरे बेटे पर हमला करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और हमें न्याय दिलाने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


