तापस रॉय ने पश्चिम बंगाल के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली

तापस रॉय ने पश्चिम बंगाल के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली

तापस रॉय ने पश्चिम बंगाल के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली
Modified Date: May 12, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: May 12, 2026 8:21 pm IST

कोलकाता, 12 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तापस रॉय ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष पद के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही हालिया विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद नवगठित सदन की औपचारिक कार्यवाही शुरू हो गई।

रॉय ने कहा कि अध्यक्ष पद का चुनाव शुक्रवार को होगा।

राज्यपाल आर.एन. रवि ने लोक भवन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, नवनियुक्त मंत्रियों और कई नवनिर्वाचित विधायकों की उपस्थिति में तापस रॉय को अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई।

तापस रॉय तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चार बार के विधायक रहे हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।

शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित विधायकों की शपथ बुधवार और बृहस्पतिवार को होगी, जबकि अध्यक्ष पद का चुनाव शुक्रवार को किया जाएगा।

अधिकारी असम में हिमंत विश्व शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद कोलकाता लौटे और इसके तुरंत बाद इस समारोह में पहुंचे।

पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में आने के बाद राज्य में हुए राजनीतिक बदलाव की झलक मंगलवार शाम विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में भी दिखाई दी। विधानसभा भवन के कई हिस्सों को केसरिया रोशनी से सजाया गया।

राज्य विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं, लेकिन अगले दो दिन में केवल 290 विधायक ही शपथ लेंगे।

फालटा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गड़बड़ी के आरोपों के मद्देनजर मतदान रद्द कर दिया गया है और वहां 21 मई को नए सिरे से मतदान होगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री अधिकारी और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर दोनों ने दो-दो सीट से जीत दर्ज की है, इसलिए एक-एक सीट खाली करने के बाद उपचुनाव भी होंगे। तापस रॉय पहले ही शपथ ले चुके हैं।

तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री अधिकारी और अन्य मंत्री बुधवार के पहले सत्र में विधायक के रूप में शपथ लेंगे। इसी दौरान उत्तर बंगाल के जिलों और मुर्शिदाबाद के नवनिर्वाचित सदस्य भी शपथ ग्रहण करेंगे। बुधवार के दूसरे सत्र में नदिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों के विधायक शपथ लेंगे।

बृहस्पतिवार को पहले सत्र में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों के विधायक शपथ लेंगे, जबकि दूसरे सत्र में पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जिलों के विधायक शपथ ग्रहण करेंगे।

भाषा खारी माधव

माधव


लेखक के बारे में