डिब्रूगढ़ (असम), 18 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को असम में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
उन्होंने कांग्रेस पर असम को “वोट बैंक की राजनीति” के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल “बेचैन” है क्योंकि भाजपा सरकार “बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर निकाल रही है”।
अपने दो दिवसीय असम दौरे की शुरुआत करते हुए, नवीन ने यहां एक ‘पन्ना प्रमुख सम्मेलन’ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और आगामी विधानसभा चुनावों में प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
उन्होंने कहा, “असम में कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति में शामिल है। उनके पास राज्य के लिए कोई नीति, इरादा और क्षमता नहीं था। लेकिन भाजपा के पास ये तीनों गुण हैं और हम जनता के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।”
नवीन ने दावा किया कि कुछ लोग पूछ रहे हैं कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को असम से क्यों निकाला जा रहा है।
उन्होंने कहा, “मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या उन्हें असम की जनता के अधिकारों को छीनने की आजादी है? वे घुसपैठियों का समर्थन क्यों कर रहे हैं? मैं असम के लोगों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को धन्यवाद देता हूं। इसी वजह से पूरी कांग्रेस बेचैन है।”
नवीन ने दावा किया कि असम से बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकालने की प्रक्रिया का असर पश्चिम बंगाल और केरल में भी दिख रहा है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस शासन के दौरान एक समय ऐसा भी था जब कश्मीर में पाकिस्तानी झंडा फहराता था। नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह स्थिति बदल गई है।”
भाषा प्रशांत माधव
माधव