नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली में आज़ादपुर मंडी के पास गुटखे की कीमत को लेकर हुए विवाद में एक चालक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में 19 वर्षीय चाय विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार रात लिबासपुर निवासी राहुल को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस को तीन अप्रैल को आज़ादपुर मंडी क्षेत्र के पास सराय पीपल थला के नजदीक चाकूबाजी की घटना के संबंध में एक कॉल के माध्यम से सूचना दी गई थी।
अधिकारी ने बताया,“पीड़ित को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी नाज़िम के रूप में हुई है, जो आज़ादपुर मंडी में सब्जियां पहुंचाने का काम करता था।”
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मंडी पहुंचने के बाद नाज़िम पास की एक चाय की दुकान पर खाना खाने गया था, जहां गुटखे की कीमत को लेकर चाय विक्रेता से उसकी बहस हो गई। बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई, जिस दौरान आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और पता चला कि उसका कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव