कर्नाटक के उप्पीनांगडी में जाली मुद्रा गिरोह का भंडाफोड़

Ads

कर्नाटक के उप्पीनांगडी में जाली मुद्रा गिरोह का भंडाफोड़

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 09:06 PM IST

मंगलुरु, 16 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले की उप्पीनांगडी पुलिस ने बेलथांगडी तालुक के अदिंजे गांव में जाली मुद्रा छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

दक्षिण कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अरुण के ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक सुतेश केपी की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार देर शाम एक भवन पर छापा मारा और जाली मुद्रा छापने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया।

एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इब्राहिम, शरीफ, संदीप पुंडालिक शोलांबी, मोहम्मद नबास, सलमान फारिस, सिराजुद्दीन और इरशाद के रूप में की गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ए4 आकार की 21 शीट बरामद की, जिन पर 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते नोट छपे थे।

एसपी के अनुसार, आरोपियों के पास से कंप्यूटर, फोटोस्टेट मशीन, मोहर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने उप्पीनांगडी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल