शिक्षक भर्ती घोटाला: ईडी के समक्ष पेश हुए तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी

Ads

शिक्षक भर्ती घोटाला: ईडी के समक्ष पेश हुए तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 11:48 AM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 11:48 AM IST

कोलकाता, 15 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी शिक्षक भर्ती से जुड़े कथित घोटाले के सिलसिले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल सीआईडी द्वारा राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता की नियुक्ति से संबंधित कथित जाली हस्ताक्षरों के मामले में बनर्जी से पूछताछ किए जाने के एक दिन बाद सामने आया है।

अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में जारी समन के अनुपालन में बनर्जी सोमवार सुबह करीब 11 बजे कोलकाता स्थित ईडी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय पहुंचे।

ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता बनर्जी का बयान दर्ज करेंगे और कथित अपराध से अर्जित धन के लेन-देन का पता लगाने के लिए वित्तीय दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड तथा अन्य आरोपियों के बयानों के आधार पर उनसे पूछताछ करेंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारा ध्यान धन के लेन-देन की पूरी कड़ियों को जोड़ने पर है। यह पता लगाया जा रहा है कि धन का प्रबंधन किसने किया, उसे विभिन्न खातों और संस्थाओं के माध्यम से कैसे अंतरित किया गया और क्या उसकी वास्तविक उत्पत्ति छिपाने के लिए लेन-देन को कई स्तरों में अंजाम दिया गया था।’’

उन्होंने बताया कि एजेंसी पहले जमा कराए गए दस्तावेजों और तलाशी के दौरान बरामद नयी सामग्री के बीच पाई गई विसंगतियों पर भी स्पष्टीकरण मांगेगी। पूछताछ के दौरान फॉरेंसिक विश्लेषण में चिह्नित बिचौलियों और लाभार्थी संस्थाओं की भूमिका को लेकर भी सवाल किए जाएंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने बैंक रिकॉर्ड और संचार संबंधी डेटा जुटाए हैं, जो कई संदिग्ध लोगों की संलिप्तता की ओर संकेत करते हैं। आज की पूछताछ का उद्देश्य इन तथ्यों का बनर्जी के बयान से मिलान करना है।’’

भाषा खारी शोभना

शोभना