दिल्ली के बवाना में किशोर की चाकू मारकर हत्या, सात पकड़े

दिल्ली के बवाना में किशोर की चाकू मारकर हत्या, सात पकड़े

दिल्ली के बवाना में किशोर की चाकू मारकर हत्या, सात पकड़े
Modified Date: February 12, 2026 / 06:01 pm IST
Published Date: February 12, 2026 6:01 pm IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके बवाना में 17 वर्षीय एक लड़के की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि इस मामले में चार नाबालिग को पकड़ा गया है जबकि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:36 बजे चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली।

एक अधिकारी ने बताया कि जेजे कॉलोनी निवासी पीड़ित सलीम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी चिकित्सकीय रिपोर्ट में सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के कई घाव पाए गए।

पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता के अनुसार, सलीम को रात करीब 8:30 बजे आरोपियों ने रोका और कथित तौर पर पुराने विवाद को लेकर उस पर हमला किया। हमलावरों में से कुछ ने उसकी लात-घूंसों से पिटाई की, जबकि अन्य ने चाकू से वार किए।

नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच से पता चला कि आरोपी और पीड़ित के बीच पहले से दुश्मनी थी।

अधिकारी ने कहा, ‘एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर चार नाबालिगों सहित सात संदिग्धों को पकड़ा गया।’

उन्होंने बताया कि इनमें गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान सालिन (21), साहिल (20) और फहद (18) के रूप में हुई है जोकि जेजे कॉलोनी के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि चार अन्य नाबालिग जिनकी उम्र 16 से 17 के बीच है, को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक नाबालिग हत्या के प्रयास के मामले में शामिल पाया गया है।

आरोपियों की शिनाख्त पर अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए चार चाकू बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध साजिश और उकसाने को लेकर मोहम्मद फारुख का नाम सामने आया है और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में