तेलंगाना विधानसभा ने अध्यक्ष के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों की निंदा करने वाला प्रस्ताव पारित किया

Ads

तेलंगाना विधानसभा ने अध्यक्ष के खिलाफ 'अपमानजनक' टिप्पणियों की निंदा करने वाला प्रस्ताव पारित किया

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:57 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:57 PM IST

हैदराबाद, आठ सितंबर (भाषा) तेलंगाना विधानसभा ने मंगलवार को अध्यक्ष गद्दम प्रसाद कुमार के खिलाफ बीआरएस के दो एमएलसी द्वारा कथित तौर पर की गई अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया।

प्रस्ताव में कहा गया कि बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव को अपनी पार्टी के सदस्यों के अनुचित आचरण की जिम्मेदारी लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री सी. दामोदर राजनरसिम्हा द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव में यह भी तय किया गया कि इसकी एक प्रति विधान परिषद के सभापति को भेजी जाए, ताकि ऊपरी सदन के सदस्य बीआरएस के दो एमएलसी ताता मधुसूदन और एन. नवीन कुमार रेड्डी के खिलाफ वह या परिषद उचित कार्रवाई कर सके।

प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘यह सदन तेलंगाना विधान परिषद के बीआरएस सदस्य ताता मधुसूदन और एन. नवीन कुमार रेड्डी द्वारा सात सितंबर को विधानसभा परिसर में गेट नंबर तीन के पास तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष के खिलाफ की गई अत्यंत अपमानजनक, निंदनीय और असंसदीय टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता है।’’

प्रस्ताव में बीआरएस के दोनों सदस्यों के सार्वजनिक रूप से महिलाओं की मौजूदगी में टी-शर्ट उतारने के कथित अशोभनीय व्यवहार की भी निंदा की गई। इसमें कहा गया कि यह कृत्य अत्यंत आपत्तिजनक होने के साथ-साथ घटना स्थल पर मौजूद महिलाओं की गरिमा भंग करने के समान भी है।

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और इस मुद्दे पर बोलने वाले अन्य सदस्यों ने अध्यक्ष के खिलाफ मधुसूदन की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निंदा की।

पीठासीन सभापति के रूप में कार्य कर रहे विधायक कडियम श्रीहरि ने सदन द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने की घोषणा की।

भाषा

राखी नरेश

नरेश