हैदराबाद, 29 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की हिंदू देवी-देवताओं पर की गई टिप्पणियों की आलोचना की और उन पर देश को उत्तर-दक्षिण के आधार पर बांटने तथा वोट-बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
राव ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर हिंदू धर्म का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रेड्डी इन दोनों नेताओं के इशारे पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री की टिप्पणियों के विरोध में पूरे तेलंगाना में प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
रेड्डी ने 28 सितंबर को दावा किया था कि कांग्रेस केवल दक्षिणी राज्यों में ही जीत पाई, जबकि उत्तर में उसे संघर्ष करना पड़ा, क्योंकि भाजपा ने ‘‘भगवान राम को हथिया लिया’’ था।
उत्तर भारत में भगवान राम की बहुत मान्यता है, जबकि दक्षिण भारत में भगवान शिव की पूजा होती है।
दिल्ली में एक मीडिया संगठन द्वारा आयोजित संवाद सत्र में रेड्डी ने यह दावा भी किया था कि शिव गरीबों के भगवान हैं जबकि राम अमीरों के भगवान हैं और भाजपा अमीरों की पार्टी है।
राव ने पीटीआई-वीडियो से कहा, ‘‘हिंदू देवताओं को लेकर रेड्डी का बयान बेहद निंदनीय है। यह आपत्तिजनक है। संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति का यह एक बेतुका बयान है।’’
रेड्डी की ‘‘कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमानों का मतलब कांग्रेस है’’ वाली पुरानी टिप्पणियों का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मुसलमानों को एकजुट करने और हिंदुओं को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने रेड्डी पर भगवान राम को अमीरों का देवता और शिव को गरीबों का देवता बताकर समाज को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि रेड्डी वोट-बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक और उत्तर-दक्षिण के बंटवारे का इस्तेमाल कर रहे हैं।
भाषा प्रचेता जोहेब
जोहेब