बांसवाड़ा जाने की जिद पर अड़े तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष राव को हिरासत में लिया गया
बांसवाड़ा जाने की जिद पर अड़े तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष राव को हिरासत में लिया गया
हैदराबाद, 22 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव और पार्टी के कम से कम 10 कार्यकर्ताओं को रविवार को एहतियातन हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हाल ही में हुए सांप्रदायिक दंगों के बाद बांसवाड़ा जाने की योजना बना रहे राव को शनिवार रात हैदराबाद में नजरबंद कर दिया गया और रविवार को जब उन्होंने ‘‘जबरन’’ वहां जाने का प्रयास किया तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
राव ने कामारेड्डी जाने की भी योजना बनाई थी, जहां शनिवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई थीं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘उन्हें (राव को) 10 सहयोगियों के साथ एहतियातन हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया।’’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि उन्हें तारनाका स्थित उनके आवास से बांसवाड़ा जाने के दौरान ‘‘गिरफ्तार’’ किया गया था। राव ने कहा कि वह बांसवाड़ा में पत्थरबाजी की घटनाओं में घायल हुए हिंदू पीड़ितों से मिलना और पार्टी विधायक वेंकट रमण रेड्डी के साथ एकजुटता व्यक्त करना चाहते थे।
राव ने कहा कि वह कामारेड्डी में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलना चाहते थे, जिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘‘हमला’’ किया था।
इससे पहले, राव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘हिंदू विरोधी, मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस ने मुझे गिरफ्तार कर लिया है और मुझे बांसवाड़ा के हिंदुओं और कामारेड्डी में हमारे कार्यकर्ताओं के समर्थन में खड़े होने के कारण बोलारम पुलिस थाने ले जा रही है।’’
शनिवार को कामारेड्डी में उस वक्त तनाव फैल गया, जब भाजपा विधायक वेंकट रमण रेड्डी के कार्यालय के बाहर नारे लगाते हुए कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश

Facebook


