हैदराबाद, सात अप्रैल (भाषा) तेलंगाना में विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक तेलम वेंकट राव रविवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गये। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, वेंकट राव के साथ भद्राचलम निर्वाचन क्षेत्र के कई बीआरएस नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
भद्राचलम से विधायक वेंकट राव तीसरे ऐसे विधायक हैं, जो हाल के दिनों में बीआरएस छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
इससे पहले 31 मार्च को घनपुर (स्टेशन) से बीआरएस विधायक एवं पूर्व मंत्री कादियाम श्रीहरि तथा उनकी बेटी कादियाम काव्या कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे।
खैरताबाद से एक और विधायक दानम नागेंद्र ने भी पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। वह सिकंदराबाद क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में बीआरएस के सत्ता खोने के बाद से कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश