तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने आरटीसी संघों को विलय संबंधी कार्य योजना तैयार करने को कहा

Ads

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने आरटीसी संघों को विलय संबंधी कार्य योजना तैयार करने को कहा

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 10:21 AM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 10:21 AM IST

हैदराबाद, दो मई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य संचालित तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) के कर्मचारी संघों से अपनी मांगों को लेकर एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। इन मांगों में निगम के सरकार में विलय की प्रमुख मांग भी शामिल है।

रेड्डी ने शुक्रवार को यहां संघों के प्रतिनिधियों, राज्य परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर एवं अधिकारियों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि सरकार कर्मचारियों की वेतन संशोधन की मांग को पूरा करेगी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने कर्मचारियों द्वारा हाल में की गई हड़ताल के दौरान तीन दिन के वेतन के भुगतान और उनके खिलाफ दायर किए गए मामलों को वापस लेने की संघों की मांगों को पूरा करने पर भी सहमति व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नियुक्तियां कीं और निगम में बसों की संख्या भी बढ़ाई।

रेड्डी ने संघों से कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने गजुला रामाराम में बस अड्डे के निर्माण के लिए 100 एकड़ भूमि आवंटित की है। सरकार एक अन्य बस अड्डे के निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास 150 एकड़ भूमि आवंटित करेगी।

हड़ताल कर रहे आरटीसी कर्मचारियों और राज्य सरकार के बीच वार्ता 24 अप्रैल को सफलतापूर्वक समाप्त हुई तथा सरकार ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को मान लिया।

कर्मचारियों की संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) और कैबिनेट उप-समिति के नेताओं के बीच लंबी चर्चा के बाद सरकार ने घोषणा की थी कि उसने आरटीसी का सरकार में विलय, 11 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी और कर्मचारी संघों के चुनाव सहित विभिन्न मांगों को मान लिया है।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी