हैदराबाद, 21 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को माओवादियों से आत्मसमर्पण करने और मुख्यधारा में शामिल होकर देश के विकास में योगदान देने तथा राज्य के पुनर्निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
पुलिस ध्वज दिवस परेड को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में पुलिस विभाग को राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी छूट दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “तेलंगाना में पहले माओवादी गतिविधियां हुआ करती थीं। लेकिन पुलिस के विभिन्न कदमों से शांति बनी रही। मैं फिलहाल भूमिगत माओवादी नेताओं से सामने आकर मुख्यधारा में शामिल होने का अनुरोध करता हूं।”
उन्होंने कहा, “आप सभी जानते हैं कि हाल ही में कुछ प्रमुख माओवादी नेताओं ने आत्मसमर्पण किया है। मैं शेष माओवादियों से मुख्यधारा में शामिल होकर देश के विकास का हिस्सा बनने का अनुरोध करता हूं। मैं माओवादियों से तेलंगाना के पुनर्निर्माण का हिस्सा बनने की अपील करता हूं।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश