राजस्थान: कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई नीट-यूजी पुनर्परीक्षा

Ads

राजस्थान: कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई नीट-यूजी पुनर्परीक्षा

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 07:12 PM IST

जयपुर, 21 जून (भाषा) राजस्थान में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) की पुनर्परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और सिग्नल जैमर लगाने सहित व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।

जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित एक राजकीय विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र का दौरा किया।

उन्होंने बताया कि केंद्र के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे जबकि परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी।

जिलाधिकारी संदेश नायक ने बताया कि अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न डेढ़ बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 84 सरकारी और 19 निजी संस्थान शामिल थे।

राज्य के विभिन्न जिलों में 600 से अधिक केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। अधिकारी ने बताया, “सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई और परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।”

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि तैयारियों को और मजबूत किया गया था तथा प्रश्न-पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा संबंधी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र