(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा रविवार को यहां नौ जगहों पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में लगभग 6,000 लोगों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय और कई योग संगठनों के सहयोग से लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, पंडारा पार्क, पालिका पार्क और चाणक्यपुरी जैसी जगहों पर ये कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एक सरकारी बयान के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने शांति पथ पर आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया, जबकि जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी लोधी गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
चाणक्यपुरी के पीएसओआई परिसर में योग सत्र में हिस्सा लेते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र ने कहा कि योग को साल में एक बार किए जाने वाले आयोजन तक सीमित न रखकर रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक तंदरूस्ती, मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।
बयान के अनुसार वृद्धाश्रमों, कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल, आयुष इकाइयों, रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन और विभिन्न कार्यालयों में भी योग सत्र आयोजित किए गए।
इस बीच, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में निगम के प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ योग सत्र में हिस्सा लिया।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश