तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने किसानों से अनाज की शीघ्र खरीद के निर्देश दिए

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने किसानों से अनाज की शीघ्र खरीद के निर्देश दिए

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने किसानों से अनाज की शीघ्र खरीद के निर्देश दिए
Modified Date: May 12, 2026 / 05:15 pm IST
Published Date: May 12, 2026 5:15 pm IST

हैदराबाद, 12 मई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों को धान और अन्य फसलों की शीघ्र खरीद के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया।

उनकी ये टिप्पणी किसानों से अनाज की खरीद में कथित देरी को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में आई है।

रेड्डी ने जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में कहा कि किसानों से खरीद की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए जमीनी स्तर पर दौरे करने को भी कहा गया।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बोरियों की कमी से बचने के लिए कदम उठाने चाहिए और साथ ही अनाज की बोरियों को ट्रकों तक ले जाने वाले श्रमिकों की कमी को भी दूर करना चाहिए।

भीषण गर्मी और बेमौसम बारिश के कारण खरीद केंद्रों पर किसानों को हो रही कठिनाइयों के जवाब में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए उपाय करने का निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने हाल के हफ्तों में राज्य में खरीद में कथित देरी और किसानों की समस्याओं (जिनमें गर्मी, बेमौसम बारिश और नमी के नाम पर किसानों को परेशान करना शामिल है) के विरोध में प्रदर्शन किए हैं।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में