तेलंगाना सरकार बोनालू उत्सव को नजरअंदाज कर रही : बंडी संजय कुमार
तेलंगाना सरकार बोनालू उत्सव को नजरअंदाज कर रही : बंडी संजय कुमार
हैदराबाद, दो अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने रविवार को तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए उस पर बोनालू उत्सव के आयोजन की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आषाढ़ बोनालु त्योहार के मौके पर सिकंदराबाद के उज्जैनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि तेलंगाना सरकार ने बोनालू को राज्य उत्सव का दर्जा तो दिया है, लेकिन इसके लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता देने में वह विफल रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कुमार ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने रमजान मनाने के लिए 33 करोड़ रुपये आवंटित किए, जबकि बोनालू के लिए केवल 20 करोड़ रुपये जारी किये गए हैं। यह उत्सव राज्य की 80 प्रतिशत से अधिक आबादी से जुड़ा है। क्या कांग्रेस के शासनकाल में हिंदुओं को अपने त्योहार मनाने के लिए चंदे पर निर्भर रहना चाहिए?’’
उन्होंने कहा कि हैदराबाद और सिकंदराबाद के जुड़वां शहरों में 3,000 से अधिक मंदिरों में बोनालू मनाया जाता है और सवाल उठाया कि सरकार की ओर से दिया गया धन कैसे पर्याप्त हो सकता है।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का पहले दिया गया यह बयान कि ‘‘कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस’’ हिंदुओं के प्रति पार्टी की सोच को दर्शाता है।
बोनालू को तेलंगाना की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बताते हुए कुमार ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार और मौजूदा कांग्रेस सरकार, दोनों ने ही इसके उचित आयोजन की अनदेखी की है।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या केवल 20 करोड़ रुपये का आवंटन पर्याप्त है? बुनियादी सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोग भीषण धूप में लंबे समय तक कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं और उन्हें पर्याप्त पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। क्या किसी राज्य उत्सव का आयोजन इसी तरह किया जाता है?’’
भाषा
शुभम धीरज
धीरज

Facebook


