(फाइल फोटो के साथ)
हैदराबाद, 31 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घोषणा की है कि राज्य में थैलेसीमिया और ‘सिकल सेल एनीमिया’ के सभी मरीजों को पेंशन दी जाएगी।
थैलेसीमिया और ‘सिकल सेल एनीमिया’ एक वंशानुगत रक्त विकार है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों की पहचान करने और राहत मंजूर करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार देर रात जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने एक बैठक में पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को पहचाने गए लाभार्थियों के लिए 15 अगस्त से पेंशन का वितरण शुरू करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राज्य में सभी विधवाओं, जीवनसाथी के बिना रह रही महिलाओं, बुनकरों और ताड़ी निकालने वालों को मौजूदा योजना के अनुसार पेंशन मिले।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य के प्रत्येक गांव में पक्की सड़क और ग्राम पंचायत कार्यालय जरूर होना चाहिए।
अल नीनो की स्थिति के कारण कम बारिश की आशंका को देखते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति के संबंध में उचित सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए।
भाष खारी राजकुमार
राजकुमार