तेलंगाना : करीमनगर में एक आभूषण की दुकान में डकैती के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
तेलंगाना : करीमनगर में एक आभूषण की दुकान में डकैती के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
हैदराबाद, 14 मई (भाषा) तेलंगाना के करीमनगर में आभूषण की एक दुकान में हुई सनसनीखेज डकैती के सिलसिले में एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार तीन मई को हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी कर आभूषण की दुकान के चार कर्मचारियों को घायल कर दिया था और 161.4 तोला सोने के आभूषण एवं 112 कैरेट हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए, जिनकी कुल कीमत 82.02 लाख रुपये थी।
पुलिस ने बताया कि यह साजिश अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना सुबोध सिंह उर्फ ‘गोल्डन थीफ’ के मार्गदर्शन में रची गई थी, जो फिलहाल कई आदतन अपराधियों के साथ बिहार की जेल में बंद है।
पुलिस ने कहा कि आभूषण की दुकानों एवं बैंकों में डकैती के सिलसिले में गिरोह ने पहले से ही रेकी की, भागने के रास्ते पहचाने, फर्जी आधार कार्ड और फर्जी बाइक नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया, फर्जी पहचान के साथ लॉज में रुके और एक ऐप सहित आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया।
करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौश आलम ने पत्रकारों को बताया कि अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड एवं 51,000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी रघुनाथ कर्माकर उर्फ जगीरा सिंह को 13 मई को गिरफ्तार किया गया था तथा दो अन्य आरोपियों को बिहार और पश्चिम बंगाल में हिरासत में लिया गया एवं ट्रांजिट वारंट के माध्यम से लाया गया।
आयुक्त ने बताया कि कर्माकर से पूछताछ के दौरान बिहार और बंगाल स्थित एक अंतरराज्यीय डकैती गिरोह के बारे में जानकारी सामने आई, जो देश भर में हुई डकैतियों में शामिल था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के पांच सदस्य लगभग दो महीने पहले तेलंगाना में डकैती करने आए थे।
पुलिस के अनुसार इसके बाद वे खम्मम, सिद्दिपेट, पेद्दापल्ली और करीमनगर कस्बों में घूम-घूम कर गहनों की दुकानों और बैंकों की रेकी करते रहे एवं अंत में उन्होंने करीमनगर में गहने की एक दुकान को लूटने की योजना बनायी।
पुलिस ने कहा कि योजना के अनुसार, आरोपियों में से एक पहले ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस का कहना है कि बाद में, बाकी आरोपी दुकान में घुसे, कर्मचारियों को हथियारों से धमकाया और जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने गोली चला दी एवं फिर वे गहनों से भरा एक थैला लेकर अपनी बाइकों पर फरार हो गए।
कर्माकर और एक अन्य आरोपी अपने आकाओं के निर्देशानुसार गहनों से भरा बैग लेकर बाइक से गुंडाला वन क्षेत्र गए, जहां उन्होंने गहनों का बैग और बाइक, एक कार से आये लोगों को सौंप दी और बाद में निकटतम रेलवे स्टेशन के रास्ते बिहार भाग गए।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी निगरानी का उपयोग करते हुए विशेष जांच दलों ने अब तक 13 आरोपियों की पहचान की है।
पुलिस ने बताया कि पांच विशेष पुलिस टीम शेष आरोपियों और चोरी हुए आभूषणों की तलाश कर रही हैं।
भाषा तान्या नरेश राजकुमार
राजकुमार

Facebook


