तेलंगाना: बीआरएस के दो एमएलसी विधान परिषद के शेष सत्र के लिए निलंबित

तेलंगाना: बीआरएस के दो एमएलसी विधान परिषद के शेष सत्र के लिए निलंबित

तेलंगाना: बीआरएस के दो एमएलसी विधान परिषद के शेष सत्र के लिए निलंबित
Modified Date: September 8, 2026 / 08:27 pm IST
Published Date: September 8, 2026 8:27 pm IST

हैदराबाद, आठ सितंबर (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) टी. मधुसूदन और एन. नवीन कुमार रेड्डी को विधानसभा अध्यक्ष जी. प्रसाद कुमार के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंगलवार को विधान परिषद सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया।

परिषद के सभापति जी. सुखेंदर रेड्डी ने विधायी मामलों के मंत्री डी. श्रीधर बाबू द्वारा लाए गए प्रस्ताव के बाद दोनों सदस्यों के निलंबन की घोषणा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और एमएलसी बी महेश कुमार गौड़ ने दोनों सदस्यों को परिषद से तुरंत निलंबित करने की मांग की। अन्य सदस्यों ने भी अध्यक्ष कुमार के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा की। कुमार दलित नेता हैं।

गौड़ ने कहा कि अगर दोनों सदस्यों की सदन में मौजूदगी जारी रही तो तेलंगाना की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।

बाबू ने कहा कि सदन के माहौल को देखते हुए वह मधुसूदन और रेड्डी को सत्र की बाकी अवधि के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव लाएंगे।

मधुसूदन की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था और सात व आठ सितंबर को विधानसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई थी।

इससे पहले दिन में, विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में दोनों एमएलसी को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, स्थानीय अदालत ने उन्हें हिरासत में भेजने से इनकार कर दिया।

मधुसूदन ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में