‘थलपति विजय’ और ‘थाला’ अजीत की ‘सिल्वरस्टोन’ में गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई

‘थलपति विजय’ और ‘थाला’ अजीत की ‘सिल्वरस्टोन’ में गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई

‘थलपति विजय’ और ‘थाला’ अजीत की ‘सिल्वरस्टोन’ में गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई
Modified Date: September 13, 2026 / 10:32 am IST
Published Date: September 13, 2026 10:32 am IST

चेन्नई, 13 सितंबर (भाषा) ब्रिटेन के मशहूर ‘सिल्वरस्टोन सर्किट’ ने रफ्तार और ताकत के अनगिनत मुकाबले देखे हैं लेकिन इस मशहूर रेसट्रैक पर शनिवार को दो दिग्गज सितारों ‘थलपति विजय’ और ‘थाला’ अजीत की मुलाकात हुई जिसने प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

ब्रिटेन के नॉर्थहैम्पटनशायर में बादलों से घिरे आसमान के नीचे तमिल सिनेमा के सबसे चर्चित दो सितारे एक-दूसरे की ओर बढ़ते नजर आए।

अभिनय के क्षेत्र से राजनीति में आए और वर्तमान में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के प्रशंसक उन्हें ‘थलपति’ और अभिनेता अजीत को ‘थाला’ कहकर बुलाते हैं।

विजय तेज गति से आगे बढ़े और बाहें फैलाकर अभिनेता-रेसर अजीत कुमार को गर्मजोशी से गले लगाया। दोनों की इस गर्मजोशी भरी मुलाकात का वीडियो वायरल हो गया जिससे उनके प्रशंसक खुश हो गए।

मुख्यमंत्री विजय इस समय ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य विदेशी निवेश आकर्षित करना और चेन्नई के पास तमिलनाडु की प्रस्तावित मोटर स्पोर्ट्स सिटी की स्थापना के लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का निरीक्षण करना है।

‘मिशलिन ले मैंस कप’ में आधिकारिक विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित मुख्यमंत्री ने 44 कार वाली ग्रिड को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाई। इसी ग्रिड में अजीत कुमार भी शामिल थे जो अपनी टीम ‘अजीत रेडएंट बाय विराज’ के तहत एलएमपी3 प्रो/एम श्रेणी में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।

रेस से पहले अजीत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं माननीय मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर सिल्वरस्टोन में हमसे मुलाकात की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम फिल्म जगत में 34 वर्षों से साथ हैं और मैं उनके नए सफर के लिए बेहद खुश हूं। हमने उन्हें आमंत्रित किया ताकि वह खुद देख सकें कि चेन्नई में इस तरह के आयोजनों के लिए किस तरह के बुनियादी ढांचे और ‘लॉजिस्टिक्स’ की जरूरत होगी।’’

भाषा सुरभि शोभना

शोभना


लेखक के बारे में