अमेरिका यात्रा की मंजूरी देने से केंद्र के इनकार के बाद खरगे को समर्थन के लिए धन्यवाद : रेवंत
अमेरिका यात्रा की मंजूरी देने से केंद्र के इनकार के बाद खरगे को समर्थन के लिए धन्यवाद : रेवंत
हैदराबाद, 23 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार द्वारा उन्हें अमेरिका जाने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद उनके समर्थन में आए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया।
वर्तमान में लंदन की यात्रा पर गए रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद लौटने के बाद वह इससे जुड़े सभी मुद्दों पर बात करेंगे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री की 10 दिवसीय ब्रिटेन और अमेरिका यात्रा की योजना थी। हालांकि, केंद्र से मंजूरी नहीं मिलने के बाद 23 अगस्त को उन्होंने लंदन से हैदराबाद लौटने का फैसला किया।
रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्र सरकार द्वारा मुझे अमेरिका जाने की अनुमति न दिए जाने के मामले में, हमारे नेता और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी से मिले समर्थन के लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं। मैं अपनी पार्टी, सभी नेताओं और देश भर के उन लोगों का भी बहुत शुक्रगुजार हूं जिन्होंने राष्ट्रीय हित में इस मुद्दे पर मेरा समर्थन किया।’’
रेड्डी ने कहा कि उन्होंने लंदन में अपनी सभी बैठकें और तय कार्यक्रम पूरे कर लिए हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘पिछले तीन दिनों में मुझे जो जबरदस्त समर्थन मिला है, उसके लिए मैं आभारी हूं। राजनीतिक कारणों से विदेश मंत्रालय (केंद्र सरकार) ने मेरे अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं दी। इसलिए मूल कार्यक्रम के अनुसार बोस्टन जाने के बजाय मैं कुछ घंटों में हैदराबाद वापस जाने वाली उड़ान में सवार होने जा रहा हूं।’’
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य लोगों की विदेश यात्राओं के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से पहले मंत्रालय आकलन करता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए, लेकिन इस मामले में अमेरिका दौरे का कार्यक्रम उपयुक्त नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, मंज़ूरी नहीं दी गई है। वैसे, उनके ब्रिटेन दौरे को मंज़ूरी दी गई है।’’
केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को कहा कि रेड्डी को मीडिया में आई उन खबरों पर जवाब देना चाहिए, जिनमें कहा गया है कि उन्होंने अपनी अमेरिका यात्रा (जो अब रद्द हो चुकी है) के दौरान न्यूयॉर्क के महापौर ज़ोहरान ममदानी से मुलाकात तय करने की कोशिश की थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों का हालांकि कहना है कि अमेरिका की यात्रा के लिए तय रेड्डी के कार्यक्रम में ममदानी के साथ बैठक तय नहीं थी।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


