थप्पड़ मामला: मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी की मांग को लेकर आप का धरना

थप्पड़ मामला: मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी की मांग को लेकर आप का धरना

थप्पड़ मामला: मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी की मांग को लेकर आप का धरना
Modified Date: September 29, 2026 / 12:47 am IST
Published Date: September 29, 2026 12:47 am IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में एक सड़क निरीक्षण के दौरान 22 वर्षीय व्यक्ति को थप्पड़ मारने के मामले में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को विकासपुरी थाने के बाहर धरना दिया।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज दिन में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हरेश्वर स्वामी से मुलाकात के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ थाने के बाहर बैठ गए।

भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मोदी की बेशर्म पुलिस। दिल्ली पुलिस ने अभी तक प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। डीसीपी, एसीपी, एसएचओ कह रहे हैं कि उन्होंने अभी तक थप्पड़ वाला वीडियो नहीं देखा है। क्या यह भरोसा करने लायक है? हम विकासपुरी थाने में बैठे हैं और प्राथमिकी की प्रति मिलने तक नहीं जाएंगे।’

उन्होंने कहा, ’24 घंटे में एसीपी निर्मल और एसएचओ घनश्याम ने प्रवेश वर्मा द्वारा एक जेन-जी युवक को थप्पड़ मारने के मामले में बुनियादी जांच तक नहीं की है। उन्होंने वह वीडियो तक नहीं देखा है जो पूरी दुनिया में वायरल हो चुका है।’

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को थप्पड़ मारने की घटना को लेकर वर्मा के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की, जबकि अधिकारियों के काम में कथित रूप से बाधा डालने के मामले में आप विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह घटना उस समय हुई जब वर्मा द्वारा सड़क निरीक्षण किए जाने के दौरान मौके पर मौजूद जरनैल सिंह ने सड़क की नयी बिछाई गई सतह की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसे हाथ से उखाड़ दिया था। साहिब सिंह (22) नामक व्यक्ति इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग कर रहा था, तभी वर्मा ने कथित रूप से उसे थप्पड़ मार दिया।

जरनैल सिंह ने सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैंने सुना है कि भाजपा के घोटालों को उजागर करने के बाद उसने मेरे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर जवाबी कार्रवाई की है। लेकिन मैं डरा नहीं हूं और न डरने वाला हूं। मैं इसी तरह आपका भ्रष्टाचार उजागर करता रहूंगा।’

भाषा अमित आशीष

आशीष


लेखक के बारे में