राजस्थान के युवक का शव रूस से अलवर पहुंचा
राजस्थान के युवक का शव रूस से अलवर पहुंचा
जयपुर, 17 नवंबर (भाषा) रूस से राजस्थान के युवक का शव सोमवार सुबह अलवर पहुंचा।
युवक अजीत चौधरी का शव छह नवंबर को रूस के उफा में एक बांध से बरामद हुआ था।
लक्ष्मणगढ़ तहसील के काफनवाड़ा गांव का अजीत रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और 19 अक्टूबर से लापता था। उसका शव छह नवंबर को व्हाइट नदी के एक बांध से मिला।
उनके रिश्तेदार भंवर सिंह ने बताया कि शव सोमवार सुबह अलवर पहुंचा और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल के मुर्दाघर ले जाया गया।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके गांव ले जाया गया, जहाँ स्थानीय निवासी और परिवार के सदस्य युवा छात्र को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित हुए।
सिंह ने बताया कि शव का पहला पोस्टमॉर्टम रूस में किया गया था।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, अजीत बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। परिवार ने उसे विदेश में मेडिकल की पढ़ाई कराने के लिए अपनी कुछ जमीन तक बेच दी थी।
रिश्तेदार ने कहा, ‘उनकी मौत की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। घटना की गहन जांच जरूरी है क्योंकि अब भी कई सवाल अनुत्तरित हैं।’
भाषा पृथ्वी मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


