ग्रेटर नोएडा में श्मशान घाट से युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

Ads

ग्रेटर नोएडा में श्मशान घाट से युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 12:33 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 12:33 PM IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 10 फरवरी (भाषा) ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर इलाके के एक शमशान घाट से बुधवार सुबह पुलिस ने 30 वर्षीय एक युवक का शव लहूलुहान अवस्था में बरामद किया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।

उन्होंने बताया कि सुबह थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर डेल्टा-दो के श्मशान घाट में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम साकीपुर निवासी प्रीतम सिंह के बेटे राहुल (30) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके गले के पास घाव का निशान है और हाथों पर खून लगा हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘‘परिजनों ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक समस्याओं के कारण राहुल पिछले कुछ दिनों से अवसाद में था।’’

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि राहुल ने संभवत: स्वयं गले की नस काटकर आत्महत्या की है।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं सिम्मी खारी

खारी