भुवनेश्वर के विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के छात्र का शव मिला, परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया
भुवनेश्वर के विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के छात्र का शव मिला, परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया
भुवनेश्वर, तीन मई (भाषा) ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के एक निजी विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव पाया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान बिस्वास स्वैन के रूप में हुई है, जो ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले का निवासी था। शनिवार रात को वह छात्रावास में अपने कमरे की छत से बंधे फंदे से लटका हुआ मिला।
स्वैन की मौत के बाद, शनिवार देर रात छात्रों ने परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जो इन्फोसिटी पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा के हस्तक्षेप के बाद छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना आत्महत्या का मामला लग रहा है, हालांकि मौत का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
छात्र के पिता बसंत स्वैन ने आरोप लगाया कि बिस्वास को कुछ वरिष्ठ छात्रों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
बिस्वास की मां ने आरोप लगाया, ‘‘वरिष्ठ छात्र मेरे बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और वह डर से छात्रावास की कैंटीन में खाना नहीं खा रहा था। कल रात उसने छात्रावास में अपनी हाजिरी भी नहीं लगाई।’’
विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रमुख गोपाल साहू ने कहा, ‘‘छात्र (मृतक) की ओर से हमें रैगिंग की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।’’
पत्रकारों से बात करते हुए मीणा ने कहा, ‘‘छात्र के माता-पिता की शिकायत के आधार पर हमने प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।’’
भाषा सुभाष शफीक
शफीक

Facebook


