गुरुग्राम में स्कूटर जब्त, दस लाख रुपये का जुर्माना था बकाया

गुरुग्राम में स्कूटर जब्त, दस लाख रुपये का जुर्माना था बकाया

गुरुग्राम में स्कूटर जब्त, दस लाख रुपये का जुर्माना था बकाया
Modified Date: August 5, 2026 / 01:07 am IST
Published Date: August 5, 2026 1:07 am IST

गुरुग्राम, चार अगस्त (भाषा) गुरुग्राम यातायात पुलिस ने मंगलवार को एक स्कूटर जब्त किया, जिस पर 10 लाख रुपये जुर्माना राशि के 96 चालान लंबित थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ यातायात अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने प्रवर्तन अभियान के तहत यहां राजीव चौक पर नियमित जांच के दौरान स्कूटर को जब्त किया।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत उन वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने काफी समय से लंबित यातायात चालानों का भुगतान नहीं किया है। वाहन चालकों से लंबित चालानों का भुगतान करने की भी अपील की जा रही है।

अधिकारी ने कहा कि यातायात पुलिस की एक टीम मंगलवार को राजीव चौक पर वाहन जांच अभियान पर थी, तभी एक स्कूटर को रोका गया और उसके चालक से वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि, चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

उन्होंने कहा कि जांच करने पर पता चला कि स्कूटर पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 96 लंबित चालान थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच में पता चला कि एक चालान ई-चालान मशीन के माध्यम से जारी किया गया था, जबकि बाकी चालान कैमरा आधारित प्रवर्तन प्रणाली के जरिए बनाए गए थे। इन सभी चालानों के तहत कुल 10 लाख रुपये का जुर्माना बकाया था।’’

भाषा

देवेंद्र जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में