नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) पुरानी दिल्ली के चितली कबर बाजार में बुधवार तड़के फुटपाथ पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गश्त पर तैनात मोटरसाइकिल सवार दो पुलिसकर्मी, हेड कांस्टेबल दिनेश और अरविंद जब चितली कबर बाजार से गुजर रहे थे तभी उन्होंने देर रात ढाई बजे एक दुकान के बाहर फुटपाथ पर एक व्यक्ति को लेटे हुए देखा।
पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है।
उसने बताया कि जांच करने पर व्यक्ति मृत पाया गया। हालांकि, उसके शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘मृतक ने सामान्य कपड़े और चप्पल पहन रखी थी।’
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हालांकि, उसकी पहचान करने और जांच से जुड़ी कार्रवाई जारी है।
उसने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अपराध दल ने मौके का निरीक्षण कर जांच के हिस्से के रूप में तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से घटनास्थल का दस्तावेजीकरण किया है।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल के शवगृह ले जाया गया।
पुलिस ने जनता से मृतक की पहचान करने में सहायता करने की अपील की है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा