नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि सदन का बजट सत्र मार्च के तीसरे हफ्ते में शुरू हो सकता है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल बजट सत्र की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन सदन की बैठक मार्च के तीसरे हफ्ते में शुरू होने की संभावना है।
गुप्ता ने सोमवार को उनके निजी ईमेल आईडी पर संदेश भेजकर विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने को अजीब घटना बताया और कहा कि विधानसभा सचिव ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त को विधानसभा और उनकी सुरक्षा बढ़ाने को कहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि सदन में बेअदबी की घटना को लेकर 27 फरवरी को पंजाब के अधिकारियों को विशेषाधिकार समिति ने तलब किया है और पुलिस प्रमुख से उस दिन भी सुरक्षा बढ़ाने को कहा है।
विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल का एक साल पूरा होने के मौके पर उन्होंने यहां पत्रकारों से यह भी कहा कि विधानसभा में एक साल का राजनीतिक नेतृत्व पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी इस पाठ्यक्रम की रूपरेखा पर काम किया जा रहा है।
भाषा नोमान खारी मनीषा
मनीषा