कर्नाटक विधानसभा के बजट सत्र में एक दिन की कटौती, 26 मार्च को समाप्त होगा

Ads

कर्नाटक विधानसभा के बजट सत्र में एक दिन की कटौती, 26 मार्च को समाप्त होगा

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 08:22 PM IST

बेंगलुरु, 24 मार्च (भाषा) कर्नाटक विधानसभा के बजट सत्र में एक दिन की कटौती कर दी गई है और अब यह 26 मार्च को समाप्त होगा।

खबरों के मुताबिक, राज्य में दो विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनावों के कारण यह फैसला लिया गया है।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा छह मार्च को 2026-27 का बजट पेश करने के साथ राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरू हुआ था, जो मूल रूप से 27 मार्च को समाप्त होने वाला था।

विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर ने मंगलवार को विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक के बाद बजट सत्र में एक दिन की कटौती करने की घोषणा सदन में की।

उन्होंने कहा, “बीएसी के निर्णय के अनुसार, बजट और मांगों पर चर्चा आज (24 मार्च) समाप्त हो जाएगी। मुख्यमंत्री 26 मार्च को इन चर्चाओं का जवाब देंगे, जिसके बाद विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी और उसे पारित किया जाएगा। 26 मार्च को कामकाज खत्म होने के बाद सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।”

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र में एक दिन की कटौती का कारण नहीं बताया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आगामी उपचुनावों को ध्यान में रखते हुए ऐसा किया गया है, क्योंकि नेता, मंत्री और विधायक चुनाव प्रचार में भाग लेंगे।

विपक्ष के नेता आर अशोक और श्रम मंत्री संतोष लाड ने सोमवार को संकेत दिया था कि उपचुनावों के कारण सत्र में एक दिन की कटौती की जा सकती है।

राज्य की दो विधानसभा सीटों – बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण – पर नौ अप्रैल को उपचुनाव होंगे।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप