जयपुर, 31 अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नागरिकों से आगामी त्योहारी सीज़न के दौरान स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे कारीगरों के लिए रोजगार बढ़ेगा और लघु एवं कुटीर उद्योगों को बल मिलेगा।
जयपुर के निकट दूदू में विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह में बोलते हुए, शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘स्थानीय उत्पादों को खरीदने से ‘वोकल फ़ॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा मिलेगा।’
प्रधानमंत्री के दिन में प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम का ज़िक्र करते हुए, शर्मा ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान देश की प्रगति के लिए ज़रूरी है।
उन्होंने कहा, ‘उनकी भलाई राष्ट्रीय और राज्य दोनों स्तरों पर विकास सुनिश्चित करेगी।’
शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद से देश में अभूतपूर्व बदलाव आया है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कल्याणकारी योजनाओं, विकास और वैश्विक स्तर पर बेहतर स्थिति पर ज़ोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान का रोडमैप तैयार कर लिया गया है और राज्य सरकार चुनावी घोषणा पत्र में किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दूदू में चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए, शर्मा ने कहा कि विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित दूदू-सांभर-भाटीपुरा सड़क का निर्माण 271 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दूदू में स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े लगभग 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उपमुख्यमंत्री एवं दूदू से विधायक प्रेमचंद बैरवा व पंचायती राज मंत्री ओटाराम देवासी समेत अन्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित थे।
भाषा कुंज नोमान
नोमान