निकाय चुनाव में शानदार जीत का श्रेय कांग्रेस सरकार के जनहितैषी कार्यों को जाता है:मुख्यमंत्री रेड्डी
निकाय चुनाव में शानदार जीत का श्रेय कांग्रेस सरकार के जनहितैषी कार्यों को जाता है:मुख्यमंत्री रेड्डी
हैदराबाद, 15 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को कहा कि हाल ही में हुए शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने 85 से 90 प्रतिशत नगर पालिकाओं और नगर निगमों में जीत हासिल की है। रेड्डी ने इसका श्रेय अपनी सरकार के दो साल के शासन को दिया।
हैदराबाद में संत श्री सेवालाल महाराज जयंती समारोह को संबोधित करते हुए रेड्डी ने बीआरएस का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में हारने के बावजूद विपक्षी पार्टी ने सबक नहीं सीखा है।
उन्होंने कहा, ‘‘निकाय चुनावों के नतीजे मेरे प्रशासन की साख का परीक्षण रहे। मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं, और मैंने पहले ही कहा था कि लोग हमें 80 प्रतिशत सीट जरूर देंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हालांकि कुछ काम अभी पूरे होने बाकी हैं, लेकिन हमारी कोशिशों में कोई कमी नहीं आई है। कांग्रेस सरकार के कामकाज के बल पर हमने निकाय चुनावों में 85 से 90 प्रतिशत नगर पालिकाओं और नगर निगमों में जीत हासिल की है।’’
बीआरएस पर परोक्ष हमला करते हुए रेड्डी ने कहा कि जनता ने उसके शासन का अनुभव किया है और समझदारी दिखाते हुए उसे सत्ता से बाहर कर दिया है।
तेलंगाना में 11 फरवरी को 116 नगर पालिकाओं और सात नगर निगमों के लिए चुनाव हुए थे। राज्य के 116 नगर निकायों के कुल 2,582 वार्ड में से कांग्रेस ने 1,300 से अधिक वार्ड में जीत हासिल की। बीआरएस ने लगभग 700 वार्ड और भाजपा ने लगभग 275 वार्ड में जीत दर्ज की।
भाषा शफीक संतोष
संतोष

Facebook


