ग्राहक ने ‘मटन’ की जगह बीफ परोसे जाने के संदेह में रेस्तरां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

Ads

ग्राहक ने ‘मटन’ की जगह बीफ परोसे जाने के संदेह में रेस्तरां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 03:06 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 03:06 PM IST

कटक, 24 सितंबर (भाषा) ओडिशा में कटक ज़िले के जगतपुर इलाके में एक ग्राहक ने इस संदेह में एक रेस्तरां के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि ‘मटन’ का ऑर्डर देने के बावजूद उसे बीफ परोसा गया।

स्मृति रंजन मोहंती ने आरोप लगाया कि बुधवार को एक रेस्तरां में अपने परिवार के साथ खाना खाते समय उन्हें ‘मटन करी’ में एक अलग स्वाद और लाल रंग की हड्डी मिली, जो ‘मटन’ (बकरे के मांस) जैसी नहीं लग रही थी।

मोहंती ने कहा, ‘‘जब मैंने रेस्तरां के कर्मचारियों से ‘मटन करी’ में अंतर के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि बड़ी मात्रा में ‘मटन’ को ठीक से उबालने के लिए उन्होंने सिरके का इस्तेमाल किया था। इसीलिए इसका रंग थोड़ा लाल हो गया।’’

रेस्तरां के कर्मचारियों के जवाब से संतुष्ट न होने पर, ग्राहक ने जगतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस यह जानना चाहता हूँ कि मैंने ‘मटन’ खाया था या कोई और मांस।’’

शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और घटना की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मांस ज़ब्त कर लिया है और पशु चिकित्सक से सलाह ली है।

इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि बाद में मांस का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

कटक (ज़ोन-1) के सहायक पुलिस आयुक्त अरुण कुमार स्वैन ने कहा, ‘‘एक ग्राहक से यह शिकायत मिलने के बाद कि उसे बीफ परोसा गया था, हम रेस्तरां पहुँचे और पाया कि वहाँ बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता भी मौजूद थे। हमने ‘मटन’ ज़ब्त कर लिया और उसे जाँच के लिए भेज दिया।’’

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश