दिल्ली में जनगणना के पहले चरण में दिल्ली की कुल आबादी 2.3 करोड़ होने का पता चला
दिल्ली में जनगणना के पहले चरण में दिल्ली की कुल आबादी 2.3 करोड़ होने का पता चला
नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) दिल्ली में 14 जून को खत्म हुए जनगणना 2027 के पहले चरण में लगभग 76 लाख मकानों और करीब 55 लाख परिवारों का सर्वे किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान गणनाकर्मियों ने दर्ज किया कि शहर में सामान्य रूप से 2.3 करोड़ से अधिक लोग निवास करते हैं।
उन्होंने बताया कि ‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस’ (एचएलओ) के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 13 जिलों में 75,98,982 मकानों और 54,98,560 परिवारों का सर्वे किया गया।
उन्होंने कहा कि यह कार्य 45,863 ‘हाउस लिस्टिंग ब्लॉक’ (एचएलबी) के माध्यम से किया गया और एक एचएलबी में लगभग 180 मकान होते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में पता चला है कि दिल्ली में 2,30,78,796 लोग सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जनसंख्या आंकड़ा अस्थायी है और जनगणना के पहले चरण पर आधारित है।
अधिकारियों ने कहा कि अंतिम जनसंख्या आंकड़ा फरवरी 2027 में होने वाले दूसरे चरण जनसंख्या गणना के बाद ही सामने आएगा। उन्होंने कहा कि जिलावार आंकड़ों के अनुसार उत्तर-पूर्व जिले की जनसंख्या सबसे अधिक 28,68,949 दर्ज की गई। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम की जनसंख्या 25,00,195, पश्चिम की 24,42,346 और दक्षिण-पूर्व की 22,70,778 दर्ज की गई।
अधिकारियों के अनुसार, पूर्वी जिले में 21,66,251 निवासी दर्ज किए गए, जबकि उत्तर-पश्चिम में 20,63,964 और बाहरी उत्तर में 19,15,700 निवासी होने का पता चला।
उन्होंने कहा कि उत्तरी जिला के जनसंख्या 17,02,900, मध्य उत्तर की 11,31,599 और मध्य जिले की 9,60,798 रही।
अधिकारियों के अनुसार, पुरानी दिल्ली में 7,54,478 निवासी दर्ज किए गए, जबकि दक्षिण जिले की जनसंख्या 20,55,909 रही। नयी दिल्ली जिले की जनसंख्या सबसे कम 2,44,929 दर्ज की गई।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


