गर्भधारण के बाद सेक्स और मांसाहार से दूरी बनाए गर्भवती महिलाएं: आयुष मंत्रालय

Ads

गर्भधारण के बाद सेक्स और मांसाहार से दूरी बनाए गर्भवती महिलाएं: आयुष मंत्रालय

  •  
  • Publish Date - June 13, 2017 / 04:19 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:24 PM IST

केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय ने गर्भवती महिलाओं को ऐसे सुझाव दिए हैं, जिनसे डॉक्टर बिरादरी ही इत्तेफाक नहीं रखती। मंत्रालय ने कहा है कि स्वस्थ संतान को जन्म देने के लिए गर्भधारण के बाद महिलाओं को मांस के सेवन और शारीरिक संबंध बनाने से दूर रहना चाहिए। हालांकि इस सलाह को स्त्री रोग विशेषज्ञों ने समझ से परे बताया है।

एम्स, दिल्ली के स्त्री रोग विभाग की प्रमुख प्रो. अलका कृपलानी के मुताबिक, जब तक कोई विशेष कारण न हो, सामान्य गर्भावस्था में महिला को वह सब काम करना चाहिए, जो वह सामान्य अवस्था में करती आई है। इसमें शारीरिक संबंध बनाना भी शामिल है। वहीं मांसाहारी भोजन के बारे में कृपलानी ने कहा कि मछली और चिकन स्वास्थ्य के लिए अच्छे होते हैं, जबकि मांस कोलेस्टेरॉल स्तर बढ़ाता है। इसलिए ऐसी कोई बात नहीं है कि गर्भावस्था के दौरान मांस खाने से बचना चाहिए। यह प्रोटीन का अच्छा स्रोत होता है। अलबत्ता गर्भावस्था में तो प्रोटीन उच्च मात्रा में लेना चाहिए। मैं यह नहीं कह रही कि जो गर्भवती शाकाहारी है वह भी मांसाहारी प्रोटीन लेना शुरू कर दें, लेकिन जो महिलाएं यह खाती हैं, उन्हें इसे जारी रखना चाहिए।