लोकसभा में मंगलवार को भी नहीं हो सका प्रश्नकाल, हंगामे के कारण बैठक दो बजे तक स्थगित
लोकसभा में मंगलवार को भी नहीं हो सका प्रश्नकाल, हंगामे के कारण बैठक दो बजे तक स्थगित
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दों पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट के भीतर दो बजे तक स्थगित कर दी गई और प्रश्नकाल नहीं चल सका।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जब प्रश्नकाल शुरू कराया तो विपक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे।
वे अयोध्या में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठा रहे थे और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की अपनी मांग दोहरा रहे थे।
बिरला ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘मैं आप सभी को बोलने का अवसर दूंगा, लेकिन प्रश्नकाल में केवल प्रश्न-उत्तर होते हैं और सभी से अनुरोध है कि कार्यवाही चलाने में सहयोग करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कल भी बीएसी (कार्य मंत्रणा समिति) की बैठक में सभी दलों से यह अनुरोध किया था। संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और चर्चा एवं संवाद के लिए है। यह नारेबाजी करने और तख्तियां लेकर आने का मंच नहीं है।’’
शोर-शराबा जारी रहने पर अध्यक्ष ने बैठक अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई को हुई थी और तब से सदन में विभिन्न मुद्दों पर हंगामे की स्थिति के कारण आज लगातार 12वें दिन भी प्रश्नकाल नहीं चल सका।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा

Facebook


