दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) फिल्म ‘ओम का हरी’ के लिए रिकॉर्ड किया गया दिग्गज गायिका आशा भोसले का गीत ‘ऐ मेरी जिंदगी, तू छिपी है कहां’ मंगलवार को उनकी 93वीं जयंती के मौके पर जारी किया गया।
फिल्म ‘ओम का हरी’ के गीत सोमवार शाम को जारी किये गये।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निर्देशक हरीश व्यास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रघुवीर यादव, सोनी राजदान और अंशुमान झा नजर आएंगे।
कार्यक्रम में फिल्म के संगीत और सिनेमा के इतिहास में उसके महत्व को लेकर एक यादगार शाम का आयोजन किया गया।
निर्माताओं ने गीत का संगीत वीडियो भी जारी किया, जिसमें आशा भोसले के फिल्म के लिए गीत रिकॉर्ड करने के दौरान के पर्दे के पीछे के दृश्य दिखाए गए हैं।
अंशुमान झा ने एक बयान में कहा, “गीतों की सूची में अलग-अलग विधाएं (जॉनर) आने से पहले आशा जी खुद एक पूरी प्लेलिस्ट थीं। ‘ओम का हरी’ के लिए आशा जी से गीत गवाना ऐसी बात है, जिसे हम शायद कभी शब्दों में बयां नहीं कर पाएंगे। आज उनकी जयंती के मौके पर ‘ऐ मेरी जिंदगी’ का जारी होना और भी खास महसूस हो रहा है। यह लगभग संयोग जैसा लगता है कि हम उनका यह गीत उनकी जयंती पर दुनिया के साथ साझा कर पा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि ‘ओम का हरी’ का, आशा जी की असाधारण संगीत यात्रा में एक छोटा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण स्थान है।”
हरीश व्यास ने कहा, “आशा जी की जयंती पर इस गीत को जारी करना बेहद खास है। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि ‘ओम का हरी’ को उनकी संगीत विरासत का एक छोटा हिस्सा आगे ले जाने का अवसर मिला।”
यह फिल्म 18 सितंबर को रिलीज होगी।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा