कल्याणी (पश्चिम बंगाल), 26 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कल्याणी में एक प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता की और नदिया, उत्तर 24 परगना तथा हुगली जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा की।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद काकोली घोष दस्तीदार, जिन्होंने रविवार को पार्टी के बारासात संगठनात्मक जिले की अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, इस बैठक में शामिल हुईं। उनके साथ देगंगा, स्वरूपनगर और हारोआ के टीएमसी विधायक भी मौजूद रहे।
एक अधिकारी ने बताया कि तीनों जिलों के सभी विधायकों और सांसदों को बैठक में आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में घोष दस्तीदार ने कहा, “प्रशासन सभी का होता है।”
अधिकारी ने बताया कि बैठक में कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई और जमीनी स्तर पर विकास परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के उपायों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नियमित रूप से जिला-स्तरीय प्रशासनिक बैठकें कर रहे हैं ताकि प्रगति की निगरानी की जा सके और शासन में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके।”
भाषा रंजन वैभव
वैभव