मलप्पुरम (केरल), 21 सितंबर (भाषा) मलप्पुरम जिले के निलांबुर में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान फिर शुरू करने के दौरान सोमवार को तीन और शव बरामद किए गए जिससे इस घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रविवार शाम निलांबुर के टीके नगर में अचानक आई बाढ़ में छह लोग बह गए थे।
घटनास्थल पर मौजूद राजस्व मंत्री ए. पी. अनिलकुमार ने बताया कि रविवार रात दो शव बरामद किए गए थे और सोमवार सुबह तलाश अभियान फिर शुरू होने के बाद तीन और शव मिले।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात बरामद किए गए शवों की पहचान तिरूर निवासी परन्नापरंबन मोहम्मद कुट्टी (69) और एडारीकोड निवासी मंगदान अनस (32) के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह तलाश के दौरान करूवरकुंडू निवासी रहीम, वंडूर निवासी कुप्पनाथ सज्जाद तथा कोट्टाकुन्नू निवासी चेट्टियारम्मल कुरुप्पथ रफीक के शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, ये पांचों पर्यटक थे।
स्थानीय निवासी सजिता (26) की तलाश जारी है। वह नदी के किनारे कपड़े धो रही थी और इसी दौरान तेज बहाव में बह गई।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं बचाव सेवा कर्मियों और स्थानीय निवासियों की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे फिर से तलाश अभियान शुरू किया।
नदी में तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रविवार रात अभियान रोक दिया गया था।
भाषा खारी वैभव
वैभव