गिरिडीह (झारखंड), 31 जनवरी (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले के एक जंगल में पाए गए महिला के आशिंक रूप से झुलसे शव की पहचान चीनो गांव की निवासी 21 वर्षीय साहिना ताहुल अंसारी के रूप में की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सरैया-बागोदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) धनंजय कुमार ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि मृतक महिला के परिजनों ने बागोदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेको-कारीपहाड़ी वन क्षेत्र के पास पाए गए झुलसे शव की पहचान की।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाने के अंतर्गत लक्ष्मण टुंडा निवासी पीड़ित के पिता ताहुल अंसारी ने शव की पहचान अपनी बेटी साहिना ताहुल अंसारी के रूप में की है।
पिता ने ससुराल वालों और बेटी के पति पर दहेज के लिए हत्या करने और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने का आरोप लगाया है।’
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोप और शिकायत के आधार पर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गिरिडीह पुलिस के एक सूत्र ने बताया, ‘यह घटना लगभग तीन दिन पहले हुई थी। हम इस मामले में मुख्य आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’
भाषा
शुभम संतोष
संतोष