चंडीगढ़, आठ सितंबर (भाषा) पंजाब में ‘‘बिगड़ती’’ कानून-व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने यहां मंगलवार को उस समय रोक दिया, जब वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास का घेराव करने के लिए उसकी ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे।
भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बार-बार पानी की बौछार की।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में प्रदेश इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री मान का पुतला फूंका और मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर मान सरकार की आलोचना की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वडिंग ने आरोप लगाया कि आप सरकार के शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘‘पूरी तरह चरमरा गई है।’’
उन्होंने कहा कि आप सरकार की तथाकथित ‘सिख्या क्रांति’ ‘‘पूरी तरह विफल’’ साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य पर भारी कर्ज है और राज्य सरकार द्वारा ‘‘भारी उधारी’’ किए जाने की आलोचना की।
गैंगस्टर से नेता बने गुरप्रीत सिंह सेखों को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल किए जाने पर निशाना साधते हुए वडिंग ने कहा कि पंजाब की जनता गैंगस्टर से छुटकारा पाना चाहती है, जबकि सत्तारूढ़ दल उन्हें पार्टी में शामिल करके राजनीतिक मंच और सत्ता मुहैया करा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेखों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई जा चुकी है और वह केवल इसलिए जेल से बाहर है क्योंकि उच्च न्यायालय ने उसकी सजा निलंबित कर दी है।
उन्होंने मान से सवाल किया, ‘‘आप पंजाब की जनता को क्या संदेश दे रहे हैं?’’
वडिंग ने सरकारी कर्मचारियों को उनका जायज महंगाई भत्ता (डीए) नहीं दिए जाने को लेकर मुख्यमंत्री के सरकारी कर्मचारियों के प्रति रवैये की भी निंदा की।
उन्होंने कहा कि सरकार न केवल कर्मचारियों को उनका डीए देने से इनकार कर रही है, बल्कि उनके साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार भी कर रही है।
वडिंग ने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द मुख्यमंत्री के सामने नहीं, बल्कि उसी मंच पर काले झंडे दिखाये जाएंगे और लहराये जाएंगे, जिस मंच से मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
वडिंग ने आरोप लगाया कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह तथा दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के बीच गुप्त समझौता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि आप गुजरात में भाजपा विरोधी मतों को बांटकर उसकी मदद करे और इसके बदले भाजपा पंजाब में आप की मदद करेगी।
कांग्रेस के प्रति अपनी अटूट निष्ठा और प्रतिबद्धता जताते हुए वडिंग ने कहा कि वह किसी भी पद पर रहें, हमेशा उस पार्टी के साथ रहेंगे, जिसने उन्हें इतना कुछ दिया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की ओर ध्यान केंद्रित करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कांग्रेस का टिकट पाने वाला हर उम्मीदवार चुनाव जीते, ताकि पंजाब को ‘‘भ्रष्ट और अक्षम’’ सरकार से छुटकारा मिल सके।
प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू तथा पूर्व विधायक राणा के पी सिंह और राज कुमार वेरका समेत कई पार्टी नेता मौजूद थे।
प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए उसकी ओर बढ़ने से रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया था।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई बार पानी की बौछार की।
भाषा अमित नरेश
नरेश